जहरीली हवा से बढ़ी बीमारी, स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्टII
जहरीली हवा से बढ़ी बीमारी, स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्टII

भिवानी (-अभिषेक ठाकुर ):– में वायु प्रदूषण लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। दिवाली के बाद भी प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा, जिसके चलते लोगों को आंखों में जलन, खांसी, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने कहा कि वायु प्रदूषण न केवल सांस संबंधी बीमारियों को बढ़ाता है, बल्कि लोगों की जीवन प्रत्याशा और दैनिक कार्यक्षमता पर भी असर डालता है। भिवानी में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है। प्रदूषित हवा के कारण आंखों में जलन, लालिमा, खांसी, जुकाम और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। वहीं अस्थमा और सीओपीडी से पीड़ित मरीजों की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। गंभीर स्थिति में मरीजों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ सकता है, जिससे उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ता है। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने बताया कि वायु प्रदूषण के लिए कहीं न कहीं इंसान खुद जिम्मेदार है। धूल उड़ाना, कूड़ा जलाना और अन्य प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियां हवा को दूषित करती हैं। प्रदूषित हवा में मौजूद हानिकारक तत्व शरीर को प्रभावित करते हैं, जिससे थकान, सुस्ती और दैनिक गतिविधियों की क्षमता कम हो जाती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदूषण बढ़ने पर सबसे ज्यादा परेशानी सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों, टीबी, सीओपीडी और अस्थमा के मरीजों, डायबिटीज तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को होती है। इसके अलावा पांच साल तक के छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भी प्रदूषण से बचाने की जरूरत है। प्रदूषण के कारण इन लोगों में बीमारी बढ़ने और अस्पताल में भर्ती होने का खतरा अधिक रहता है। डॉ. शांडिल्य ने लोगों से अपील की कि प्रदूषण बढ़ने पर घरों में रहें, खिड़की-दरवाजे बंद रखें और घर के अंदर भी प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें। बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें, पर्याप्त पानी पीएं और बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉइड या एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें। प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि आंखों और गले पर भी दिखाई दे रहा है। लोगों को आंखों में जलन, लालिमा, गले में कड़वापन और सांस लेने में परेशानी हो रही है। दिवाली के बाद प्रदूषण कम होने की उम्मीद थी, लेकिन अभी भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की कि कूड़े को अलग-अलग करके उसका उचित निस्तारण करें, उसे जलाने से बचें, अधिक से अधिक पौधे लगाएं और धूल को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव करें। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम करने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है और जब तक लोग खुद जागरूक होकर जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक इस समस्या से निजात पाना मुश्किल है। भिवानी में बढ़ता प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी बरतें और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें, ताकि खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी स्वच्छ हवा मिल सके।#newstodayhry @newstodayhry




