बाल विवाह पर बड़ा संदेश! ‘हर व्यक्ति को निभानी होगी जिम्मेदारी’ ||
बाल विवाह पर बड़ा संदेश! ‘हर व्यक्ति को निभानी होगी जिम्मेदारी’ ||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) बाल विवाह मुक्त भारत दिवस के अवसर पर सीडीएलयू के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि सिरसा को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी बाल विवाह जैसी कुरीति देखने को मिल रही है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर आगे आना होगा। बाल विवाह एक बालिका के मानसिक व शारीरिक विकास के साथ-साथ उसके सपनों को भी कुचलने का काम करता है, जिसके परिणाम बेहद भयावह हो सकते हैं। अतिथियों ने बाल विवाह को लेकर डॉक्यूमेंट्री देखी तथा मल्टीपर्पज हॉल में लगाई गई झांकियों का भी अवलोकन किया।उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन लगातार अपने स्तर पर प्रयास कर रहा है। आंगनवाड़ी वर्कर्स, आशा वर्कर्स, सरपंच, प्रिंसिपल और ग्राम सचिवों के माध्यम से गांवों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बाल विवाह को किसी भी कीमत पर रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बाल विवाह मुक्त सिरसा अभियान में सुनील जागलान के प्रयास सराहनीय अतिरिक्त उपायुक्त ने कार्यक्रम के आयोजन और सिरसा में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के प्रयासों के लिए सेल्फी विद डॉटर के संस्थापक सुनील जागलान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता के माध्यम से इस कुरीति को समाप्त करने के प्रयासों में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करते हैं।चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए हमें सोच-समझकर कदम आगे बढ़ाने होंगे। आने वाले समय में समाज की कुरीतियों को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, जिनमें बाल विवाह भी एक प्रमुख कुरीति है। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। उन्हें उम्मीद है कि युवा इस कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान देंगे।समाज के प्रत्येक व्यक्ति को निभानी होगी जिम्मेदारी : यतिंद्र सिंहभाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह ने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस कुरीति को समाप्त करने के लिए सभी को आगे आकर सामूहिक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों से उनका बचपन छीन लेता है और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। देश में आज भी बाल विवाह की प्रथा का मौजूद होना चिंता का विषय है, इसलिए इसे रोकने के लिए समाज में निरंतर जागरूकता और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सेल्फी विद डॉटर के संस्थापक सुनील जागलान ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि समाज की सोच में बदलाव लाना भी जरूरी है। बेटियों को शिक्षा, सम्मान, समान अवसर और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार मिलना चाहिए। बाल विवाह मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक परिवार, युवा और समाज का जिम्मेदार व्यक्ति इस अभियान से जुड़ेगा और बाल विवाह के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगा। इस अवसर पर बाल विवाह के दुष्प्रभाव दर्शाने के लिए झांकियां भी प्रस्तुत की गई तथा नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया। झांकियों में प्रथम स्थान शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की टीम को मिला। जीडी गोयंका स्कूल को द्वितीय तथा डीएवी स्कूल डिंग को तृतीय स्थान मिला।कार्यक्रम में सीडीएलयू के रजिस्ट्रार डॉ. सुनील कुमार, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, सुमन सैनी, ब्रह्मकुमारी आश्रम से बिंदु बहन, भूपेश मेहता, टिï्ïवंकल पवार, पार्षद सुमन शर्मा, अंग्रेज सिंह, सुमन सैनी, रवि रंजन और अमित मनहर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




