अंबाला छावनी में गैस सिलेंडरों से चोरी का धंधा उजागर II
अंबाला छावनी में गैस सिलेंडरों से चोरी का धंधा उजागर II


अंबाला-(राहुल जाखड़):- अंबाला छावनी क्षेत्र में गैस सिलेंडरों से गैस चोरी का अवैध धंधा जोरों पर है, जिससे क्षेत्र की जनता का काफी नुकसान हो रहा है। यह न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए भी बड़ा जोखिम है क्योंकि सिलेंडरों में से गैस चोरी करते समय कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस विषय को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह और इनेलो पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक शेखावत से मुलाकात करके दोषियों के खिलाफ़ सख्त कार्यवाही मांग करते हुए इस अवैध कारोबार को तत्काल प्रभाव से रोकने की अपील की। इनेलो प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अंबाला छावनी की कई कॉलोनियों में खुलेआम गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे दूसरे सिलेंडरों में भरकर बेचा जा रहा है, जो कि अत्यंत खतरनाक है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। यह अवैध कार्य न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम जनता का जीवन संकट में है। कई घरों में अगर छापा मारा जाए तो सैकड़ों खाली व भरे हुए सिलेंडर बरामद होंगे। ऐसे मकानों का पता व लोकेशन इनेलो कार्यकर्ता पुलिस को देने के लिए तैयार है। पुलिस अधीक्षक ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी, और गैस चोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इनेलो ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ओंकार सिंह ने जनता से भी अपील की कि यदि वे कहीं भी ऐसी अवैध गतिविधि होते देखें, तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके और क्षेत्र में सुरक्षा बनी रहे।। #newstodayhry @newstodayhry



