नवरात्रि मेले को लेकर लोहारू पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा II
नवरात्रि मेले को लेकर लोहारू पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा II


लोहारू-(अभिषेक ठाकुर):- नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर लोहारू पुलिस हुई सख्त, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने मंदिर प्रांगण व मेले का किया निरीक्षण, भक्तों की सुविधा व सुरक्षा को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश गांव पहाड़ी मे पहाड़ी माता मंदिर मे नवरात्रि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए लोहारू पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने पुलिस टीम के साथ मंदिर प्रांगण व मेले क्षेत्र का निरीक्षण किया और व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से मंदिर प्रांगण के बाहर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था का अवलोकन किया। जहां पार्किंग स्थल पर लगी दुकानों को तुरंत हटाने के आदेश दिए गए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग की उचित सुविधा मिल सके और किसी प्रकार की भीड़भाड़ या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों को खाली कराने से भक्तों को आसानी से वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी और मंदिर तक आने-जाने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले जरूरतमंद व्यक्तियों को लिफ्ट सुविधा का उपयोग प्राथमिकता से कराया जाए। साथ ही लिफ्ट में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी न आए, इसके लिए लिफ्ट ऑपरेटर व कर्मचारियों को सतर्क रहने और किसी भी समस्या की तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर मेले की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएसपी, एसएचओ सहित करीब 25 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि भीड़-भाड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे। थाना प्रभारी ने दुकानदारों को भी हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों के बाहर हद से ज्यादा सामान न रखें, जिससे सड़क पर अवरोध न बने और श्रद्धालुओं को आसानी से आवागमन में सुविधा हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी निजी वाहन का प्रवेश मंदिर प्रांगण में नहीं होगा। केवल आपातकालीन सेवाओं और पुलिस प्रशासन के वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। इससे मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने में आसानी होगी। इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि नवरात्रि का यह मेला करीब 10 दिनों तक चलेगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। विशेषकर अंतिम तीन दिनों में लगभग 100 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेले का सफलतापूर्वक व सुरक्षित समापन हो सके। साथ ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस स्टाफ को निर्देश दिए कि मेले में आने-जाने वाले भक्तों से शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार करें और ठीक ढंग से बात करें, ताकि श्रद्धालुओं को सम्मानजनक व सहज वातावरण महसूस हो और पुलिस-प्रशासन की सकारात्मक छवि बनी रहे।पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सहयोग करें और प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्था का पालन करें, ताकि नवरात्रि महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो सके।। #newstodayhry @newstodayhry



