Uncategorized
Trending

सिरसा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई ।।

सिरसा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई ।।

सिरसा – (अक्षित कम्बोज) :- नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्त एवं चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये कीमत का 52 किलो 690 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार के नेतृत्व एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-9 स्थित बस स्टैंड पतली डाबर के समीप नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस टीम को बस स्टैंड पर दो प्लास्टिक कट्टों के साथ चार युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजपत्रित अधिकारी डीएसपी राजेश कुमार को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में दोनों कट्टों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कट्टे से 26 किलो 630 ग्राम तथा दूसरे कट्टे से 26 किलो 60 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। कुल मिलाकर पुलिस ने 52 किलो 690 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह पुत्र चंद सिंह, गुरदेव सिंह पुत्र जग्गा सिंह, अमृतपाल पुत्र वेदप्रकाश निवासी तंदूरवाली थाना टिब्बी राजस्थान तथा फौजी उर्फ देवीलाल पुत्र पाला राम निवासी पन्नीवाली थाना टिब्बी राजस्थान के रूप में हुई है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि इस मामले में थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद डोडा चूरा पोस्त बस एवं ट्रेन के माध्यम से मध्य प्रदेश क्षेत्र से लाया गया था। तथा इसे ऐलनाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जायेगी ।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button