NEET विवाद पर गरजे आफताब अहमद, बोले— शिक्षा व्यवस्था में चाहिए पारदर्शिता II
NEET विवाद पर गरजे आफताब अहमद, बोले— शिक्षा व्यवस्था में चाहिए पारदर्शिता II

नूंह-(निकुंज गर्ग):-नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मामले में छात्रों के लंबे संघर्ष के बाद सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा और यह देश के युवाओं की बड़ी जीत है। आफताब अहमद ने कहा कि देश में सत्ता में बैठी भाजपा और उसके नेताओं का घमंड टूट गया है। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए। इसके बावजूद छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने धैर्य और संयम के साथ अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा। यह देश के छात्र-छात्राओं और युवाओं की बड़ी जीत है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण लाखों युवाओं को मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा। आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही छात्रों के हितों के साथ खड़ी रही है और आगे भी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती एवं परीक्षाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान विधायक चौधरी आफताब अहमद के नेतृत्व में नूंह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विक्ट्री मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस पार्टी का झंडा लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और छात्रों की जीत का जश्न मनाया। @newstodayhry #newstodayhry



