Haryana
Trending

सफाई कर्मचारियों के हक में आयोग सख्त, लापरवाही पर होगा एक्शन ||

सफाई कर्मचारियों के हक में आयोग सख्त, लापरवाही पर होगा एक्शन ||

भिवानी-(अभिषेक ठाकुर):-भिवानी में हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह प्लॉका ने कहा कि सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने समय पर वेतन, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अहम बातें कहीं। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की पहल पर भिवानी में सफाई मित्रों के लिए हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। कैंप का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाना और स्वस्थ कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह प्लॉका ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि सफाई मित्र स्वस्थ रहकर बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।चेयरमैन ईश्वर सिंह प्लॉका ने कहा कि हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जल्द ही मंत्री स्तर पर बैठक होगी, जिसमें उनकी मांगों पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई मित्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है और संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान किया जाएगा। वेतन में देरी और ठेकेदारों की लापरवाही के सवाल पर चेयरमैन ने कहा कि आयोग ने सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारियों को समय पर पूरा वेतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई ठेकेदार लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जहां सफाई कर्मचारियों की कमी होगी, वहां आवश्यकता के अनुसार नए कर्मचारी लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा, ताकि शहरों और कस्बों की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।सीवर सफाई के दौरान होने वाले हादसों पर चिंता जताते हुए चेयरमैन ईश्वर सिंह प्लॉका ने हाल ही में फरीदाबाद में सीवर टैंक में दो सफाई कर्मचारियों की मौत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की दिशा में आयोग कार्य कर रहा है। उन्होंने सफाई मित्रों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें और अपनी मांगों को हड़ताल के बजाय संवाद के माध्यम से सरकार के सामने रखें। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button