SP जसलीन कौर ने थाना औढ़ा में ली अपराध समीक्षा बैठक, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश ll
SP जसलीन कौर ने थाना औढ़ा में ली अपराध समीक्षा बैठक, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस ने बीते दिवस थाना औढ़ा का दौरा कर अपराध समीक्षा बैठक ली । बैठक में उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली श्री ललित कुमार सहित थाना प्रबंधक थाना औढ़ा उप निरीक्षक विजय सिंह व थाना औढ़ा के अनुसंधान कर्ता एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे ।
पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों तथा वांछित आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध की प्रत्येक सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा किया जाए । उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त, नाकाबंदी एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की सक्रियता के साथ आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध की रोकथाम को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने गांव औढ़ा के प्रतिष्ठित एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर नशे एवं अपराध की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशे और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में नशे की बिक्री, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। बैठक में नशा मुक्ति कमेटी के कार्य एवं उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कमेटी गांव में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नशे से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार एवं परामर्श के लिए प्रेरित करने तथा युवाओं को खेल, शिक्षा एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने गणमान्य व्यक्तियों से युवाओं को नशे से दूर रखने तथा गांव में सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने नशे एवं अपराध के खिलाफ पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों में हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस-पब्लिक के मजबूत समन्वय और जनसहयोग से ही सुरक्षित, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम आगे बढ़ाए जा सकते हैं।@newstodayhry #Newstodayhry



