बुलेट सवार ने की ये गलती, हिसार पुलिस ने काटा ₹23,500 का चालान II
बुलेट सवार ने की ये गलती, हिसार पुलिस ने काटा ₹23,500 का चालान II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे की आवाज निकालने पर कार्रवाई करते हुए चालक का ₹23,500 का चालान किया गया। हिसार पुलिस द्वारा विशेष रूप से ऐसे वाहन चालकों पर निगरानी रखी जा रही है जो मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड/अवैध साइलेंसर लगाकर तेज आवाज एवं पटाखे जैसी आवाज निकालते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को परेशानी होती है और सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है। #newstodayhry @newstodayhry
15 दिनों में 1,085 वाहन चालकों पर कार्रवाई;-
यातायात नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जारी अभियान के दौरान इसी माह के पिछले 15 दिनों में बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने के 579 तथा ट्रिपल राइडिंग के 506 चालान किए गए हैं। इस प्रकार इन दोनों नियमों के उल्लंघन पर कुल 1,085 चालान किए जा चुके हैं। एएसपी हिसार ने कहा कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क पर स्वयं और दूसरे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं। वाहन चालकों को अपने वाहनों में ऐसे किसी भी प्रकार के अनधिकृत बदलाव से बचना चाहिए, जिससे तेज आवाज उत्पन्न हो या सड़क पर दूसरों को परेशानी हो। उन्होंने कहा कि बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालना, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना और ट्रिपल राइडिंग करना यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में हिसार पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिसार पुलिस की वाहन चालकों से अपील:-
• वाहन पर नंबर प्लेट स्पष्ट एवं निर्धारित नियमों के अनुसार लगाएं।
• मोटरसाइकिल पर ट्रिपल राइडिंग न करें।
• वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर अथवा अनधिकृत बदलाव न करवाएं।
• सड़क पर तेज आवाज, स्टंट अथवा लापरवाही से वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
• यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
एएसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ हिसार पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सड़क सुरक्षा में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। #newstodayhry @newstodayhry




