संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें, तुरंत पुलिस को करें सूचित: SP सिद्धान्त जैन
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें, तुरंत पुलिस को करें सूचित: SP सिद्धान्त जैन

हिसार :- (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हिसार पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम के लिए Preventive Policing पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावना को पहले ही पहचानकर उसे रोकना भी है। इसी दिशा में जिले में रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच, होटल-धर्मशालाओं तथा संवेदनशील स्थानों की चेकिंग और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।रात्रि गश्त और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी
एसपी सिद्धान्त जैन ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए तथा संवेदनशील एवं अपराध संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। बाजार, मुख्य सड़कें, सुनसान स्थान, पार्किंग स्थल, होटल, धर्मशाला तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार चेकिंग की जाए। पुलिस द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों एवं वाहनों की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है तथा अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।होटल, धर्मशाला और बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर*
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि होटल एवं धर्मशाला संचालक अपने यहां ठहरने वाले व्यक्तियों का नियमानुसार रिकॉर्ड रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। बाजारों में दुकानदारों एवं व्यापारियों से भी अपील की गई है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि जुआ-सट्टा, नशा तस्करी तथा अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे स्थानों एवं गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुआ खेलने या खिलाने, नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
साइबर अपराध से बचाव भी Preventive Policing का हिस्सा*
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनजान Link, APK File, QR Code, OTP, बैंकिंग जानकारी अथवा किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर Online Transaction करने से बचें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को दें सूचना*
एसपी सिद्धान्त जैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपराध की रोकथाम में पुलिस के साथ-साथ जनता की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन, नशीले पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार, साइबर ठगी या कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि समय पर मिली छोटी-सी सूचना किसी बड़ी वारदात को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को नियमानुसार गोपनीय रखा जाएगा।एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस का प्रयास है कि जिले में ऐसा सुरक्षित वातावरण कायम रहे, जहां आमजन बिना भय के अपने दैनिक कार्य कर सकें। अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध की संभावना को पहले ही रोकना हिसार पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।



