Haryana
Trending

विभिन्न अवतारों व भक्तों की भक्ति से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का सुनाया वृतांत ll

विभिन्न अवतारों व भक्तों की भक्ति से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का सुनाया वृतांत ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) रानियां गेट, सिरसा स्थित बाबा श्योराम जन्मस्थली पर आयोजित की जा रही श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन कथाव्यास आचार्य राहुल शास्त्री ने श्रद्धालुओं को भगवान के विभिन्न अवतारों एवं भक्तों की भक्ति से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। कथा वाचक ने राजा बली का प्रसंग, भगवान विष्णु के वामन अवतार, भक्त प्रह्लाद तथा ध्रुव जी की कथा सहित देवासुर संग्राम के प्रसंगों का सुंदर वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा के दौरान बताया गया कि राजा बली अपनी दानशीलता और वचनबद्धता के लिए प्रसिद्ध थे। भगवान विष्णु ने वामन अवतार धारण कर उनसे तीन पग भूमि का दान मांगा। राजा बली द्वारा वचन देने के बाद भगवान वामन ने विराट स्वरूप धारण कर तीन पग में संपूर्ण लोकों को नाप लिया। इस प्रसंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्याग, दान और वचन की महत्ता समझाई गई। इसके साथ ही भक्त प्रह्लाद की कथा का वर्णन करते हुए बताया गया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रह्लाद ने भगवान विष्णु की भक्ति नहीं छोड़ी। उनकी अटूट श्रद्धा के कारण भगवान ने नरसिंह अवतार धारण कर भक्त की रक्षा की। वहीं ध्रुव जी की कथा के माध्यम से दृढ़ संकल्प, तपस्या और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का महत्व बताया गया। कथा में देवासुर संग्राम के प्रसंग का भी वर्णन किया गया। इसके पश्चात भगवान के 24 अवतारों का उल्लेख करते हुए उनके उद्देश्य और धार्मिक महत्व को समझाया गया। कथा वाचक ने कहा कि भगवान के विभिन्न अवतारों का मूल उद्देश्य धर्म की स्थापना, अधर्म का नाश तथा भक्तों की रक्षा करना रहा है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से धार्मिक प्रसंगों का श्रवण किया और वातावरण भक्तिमय बना रहा। बाबा हरपाल दास ने बताया कि कथा का समय दोपहर 2 बजे से सांय 5 बजे तक रहेगा। 5 अक्तूबर 2026, सोमवार प्रात: 9.15 बजे डेरा परिसर में हवन यज्ञ व भंडारा होगा। उन्होंने सभी धर्म प्रेमी सज्जनों से आह्वान किया कि वे तय समयानुसार कथा स्थल पर आकर कथा श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाएं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button