ईशांत होटल के पास दबोचा आरोपी, हेरोइन और स्कूटी बरामद
ईशांत होटल के पास दबोचा आरोपी, हेरोइन और स्कूटी बरामद
हिसार ;- (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत CIA मिल गेट हिसार की टीम ने अग्रोहा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 21 ग्राम 36 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील निवासी वार्ड नंबर 3, भट्टू कलां, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीले पदार्थ के साथ स्कूटी जुपिटर भी बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। CIA मिल गेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि उनकी टीम के सहायक उप निरीक्षक बलवान सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ अपराधों की रोकथाम एवं नशा तस्करी की जांच के संबंध में अग्रोहा क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ईशांत होटल, अग्रोहा के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील को उसकी स्कूटी सहित काबू किया। पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 21 ग्राम 36 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और स्कूटी को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना अग्रोहा में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके। पूछताछ के दौरान हेरोइन के स्रोत, इसकी सप्लाई कहां की जानी थी तथा नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं : एसपी हिसार पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशा तस्करी समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। हिसार पुलिस नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





