धुंध में ड्राइविंग करते समय रहें सावधान, SP करनाल ने दी चेतावनी
धुंध में ड्राइविंग करते समय रहें सावधान, SP करनाल ने दी चेतावनी
करनाल :-(सुबाष गुप्ता ) द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एसपी करनाल श्री करन गोयल ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि सर्दी के मौसम में धुंध (फॉग) की शुरुआत को देखते हुए सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें।
एसपी करनाल ने कहा कि धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाती है, जिससे सामने से आने वाले वाहन, सड़क पर चल रहे अन्य वाहन तथा राहगीर समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसी परिस्थितियों में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चालक विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों, ग्रामीण सड़कों तथा अन्य व्यस्त मार्गों पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि धुंध के दौरान जल्दबाजी में ओवरटेक करना बेहद खतरनाक हो सकता है। वाहन चालक केवल तभी ओवरटेक करें, जब सामने का रास्ता पूरी तरह स्पष्ट दिखाई दे, पर्याप्त दूरी उपलब्ध हो और ओवरटेक करना सुरक्षित हो। बिना संकेत दिए अथवा गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास बिल्कुल न करें। धुंध के मौसम में वाहन चालक इन सावधानियों का रखें विशेष ध्यान :-
- ओवरटेक करते समय जल्दबाजी न करें: धुंध के दौरान आगे चल रहे वाहन को पार करने का जोखिम न उठाएं। केवल सुरक्षित स्थान देखकर और उचित संकेत देकर ही ओवरटेक करें।
- वाहन की गति नियंत्रित रखें: दृश्यता जितनी कम हो, वाहन की गति उतनी ही कम रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते ब्रेक लगाया जा सके।
- लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करें: धुंध में हाई-बीम लाइट का प्रयोग करने से रोशनी परावर्तित होकर चालक की आंखों में वापस आ सकती है। इसलिए लो-बीम हेडलाइट और उपलब्ध होने पर फॉग लैंप का इस्तेमाल करें।
- वाहनों के बीच उचित दूरी रखें: आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, ताकि अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में टक्कर से बचा जा सके।
- फॉग लाइट एवं इंडिकेटर सही रखें: वाहन की हेडलाइट, टेल लाइट, इंडिकेटर और फॉग लैंप की समय रहते जांच करवाएं, ताकि धुंध में अन्य वाहन चालकों को आपके वाहन की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे।
एसपी करनाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाहन चालक स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। थोड़ी सी सावधानी और धैर्य अपनाकर बहुमूल्य जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि सुरक्षित चलें, सतर्क रहें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए स्वयं तथा दूसरों का जीवन सुरक्षित बनाएं।





