गिरफ्तारी का डर दिखाया तो न घबराएं! फर्जी कॉल से रहें सावधान
गिरफ्तारी का डर दिखाया तो न घबराएं! फर्जी कॉल से रहें सावधान
हिसार :- ( अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन को साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति सचेत करते हुए फर्जी कुरियर और पार्सल कॉल से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लोगों को फोन करके कहते हैं कि उनके नाम से भेजे गए पार्सल में प्रतिबंधित सामान, ड्रग्स या अन्य संदिग्ध वस्तुएं मिली हैं। इसके बाद पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का डर दिखाया जाता है और मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पैसों की मांग की जाती है। एसपी ने कहा कि ठग वीडियो कॉल के माध्यम से फर्जी पुलिस वर्दी और सरकारी कार्यालय का माहौल दिखाकर लोगों को मानसिक दबाव में लेते हैं। कई बार पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर लंबे समय तक वीडियो कॉल पर रखा जाता है और उसकी जमा पूंजी ठग ली जाती है। बचाव के लिए इन बातों का रखें विशेष ध्यान:
• किसी अनजान कॉल पर पार्सल में प्रतिबंधित सामान मिलने की बात कहने पर घबराएं नहीं।
• गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे मांगने वालों के झांसे में न आएं।
• किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते, OTP, PIN या अन्य गोपनीय जानकारी न दें।
• वीडियो कॉल पर पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी का अधिकारी बनने वाले व्यक्ति की बातों में न आएं।
• किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर करने से पहले संबंधित विभाग से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें।
• साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।
एसपी हिसार ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। किसी भी अनजान कॉल पर डरने या जल्दबाजी में निर्णय लेने की बजाय पहले सत्यापन करें। अपनी सतर्कता से आप अपनी मेहनत की कमाई को साइबर ठगों के हाथों में जाने से बचा सकते हैं।





