स्कूटी से लाखों की हेरोइन बरामद, युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा
स्कूटी से लाखों की हेरोइन बरामद, युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा
सिरसा :-(अक्षित कम्बोज )जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस की टीम ने तलवाड़ा खुर्द ऐलनाबाद क्षेत्र से स्कूटी सवार युवक को लाखों रुपए की 28 ग्राम 27 मिलीग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। आरोपी के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए ऐलनाबाद पुलिस की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान ऐलनाबाद से होते हुए गांव तलवाड़ा खुर्द की तरफ जा रही थी । इसी दौरान पुलिस पार्टी जब नहर पूल तलवाड़ा खुर्द के नजदीक पंहची तो सामने से स्कूटी सवार युवक आता दिखाई दिया । उक्त स्कूटी सवार युवक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखते ही अचानक स्कूटी को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया तो स्कूटी अचानक बंद हो गई पुलिस टीम ने शक के आधार पर स्कूटी सवार युवक को काबू कर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 28 ग्राम 27 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान नानक सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी वार्ड न 13 ऐलनाबाद,जिला सिरसा के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान हेरोइन कहां से लाई गई और आगे किसे सप्लाई की जानी थी, इस बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





