अनजान नंबर से सावधान! हिसार पुलिस ने युवाओं को किया अलर्ट
अनजान नंबर से सावधान! हिसार पुलिस ने युवाओं को किया अलर्ट
हिसार :- (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराध एवं देशविरोधी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डिजिटल माध्यमों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार पुलिस ने युवाओं को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों (ISI) से जुड़े संभावित पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (PIO) के डिजिटल जाल से सावधान रहने की अपील की है।
एसपी हिसार ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में जासूसी एवं देशविरोधी गतिविधियों के लिए सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग किया जा सकता है। संदिग्ध लोग युवाओं से पहले सामान्य बातचीत या दोस्ती करते हैं और बाद में भावनात्मक जुड़ाव, लालच, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य तरीकों से संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए युवाओं को ऑनलाइन किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद करके विश्वास नहीं करना चाहिए।
इन तरीकों से बनाया जा सकता है युवाओं को निशाना
1. सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल और हनीट्रैप
फर्जी नाम एवं फोटो से Facebook, Instagram, Telegram अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोस्ती की जा सकती है। बातचीत बढ़ने के बाद निजी फोटो, वीडियो, परिवार, नौकरी, स्थान अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा सकता है।
2. फर्जी नौकरी और ऑनलाइन कमाई का लालच
Work From Home, Data Entry, Online Task अथवा पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर युवाओं को अपने संपर्क में लिया जा सकता है। बाद में फोटो, वीडियो, लोकेशन अथवा किसी विशेष स्थान की जानकारी उपलब्ध कराने जैसे संदिग्ध कार्यों के लिए दबाव बनाया जा सकता है।
3. +92 सहित विदेशी नंबरों से संदिग्ध संपर्क
अंतरराष्ट्रीय नंबरों, विशेषकर +92 कोड, से आने वाली अनजान कॉल, WhatsApp मैसेज या वीडियो कॉल के प्रति विशेष सावधानी बरतें। KBC, लॉटरी, कार, कैश प्राइज या अन्य इनाम का लालच देकर पैसे अथवा व्यक्तिगत जानकारी मांगी जा सकती है।
4. धार्मिक एवं भावनात्मक भावनाओं का दुरुपयोग
कुछ संदिग्ध लोग धार्मिक, भावनात्मक अथवा भड़काऊ सामग्री के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। किसी अनजान व्यक्ति या ग्रुप द्वारा देश, सेना या सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील विषयों पर जानकारी मांगे जाने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।
5. फर्जी लोन, बेटिंग एवं ऑनलाइन टास्क ऐप का जाल
अवैध लोन, बेटिंग या कम समय में अधिक कमाई का लालच देकर युवाओं को आर्थिक एवं मानसिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जा सकता है। इसके बाद उन्हें ब्लैकमेल या संदिग्ध गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा सकता है।
कौन-सी जानकारी कभी साझा न करें
युवा सेना/पुलिस/सरकारी प्रतिष्ठानों की फोटो, वीडियो, लोकेशन, सुरक्षा व्यवस्था, मूवमेंट, ड्यूटी से जुड़ी जानकारी, पहचान-पत्र, दस्तावेज, OTP, बैंक विवरण या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
छोटी लगने वाली जानकारी भी गलत हाथों में जाकर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
युवाओं के लिए हिसार पुलिस की विशेष एडवाइजरी
•अनजान विदेशी नंबरों से आने वाली कॉल/मैसेज का जवाब न दें और संदिग्ध नंबर को Block एवं Report करें।
•सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति की Friend Request स्वीकार करने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें।
•निजी फोटो, वीडियो, लाइव लोकेशन और परिवार संबंधी जानकारी अनजान ऑनलाइन मित्रों से साझा न करें।
•फर्जी नौकरी, लॉटरी, कैश प्राइज और ऑनलाइन कमाई के लालच में न आएं।
•किसी भी संदिग्ध लिंक, APK या अनजान फाइल पर क्लिक न करें।
•कोई व्यक्ति यदि सेना, पुलिस, सरकारी कार्यालय या सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मांगता है तो उसे गंभीरता से लें और इसकी सूचना पुलिस को दें।
•धार्मिक या भावनात्मक रूप से भड़काने वाले संदिग्ध सोशल मीडिया ग्रुप से तुरंत बाहर निकलें।
•यदि कोई व्यक्ति आपको ब्लैकमेल कर रहा है तो डरकर पैसे न दें और न ही बातचीत छिपाएं—तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एसपी हिसार की युवाओं से अपील
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि “सोशल मीडिया पर हर दोस्त वास्तविक नहीं होता और हर ऑनलाइन ऑफर सुरक्षित नहीं होता। युवाओं को लालच, भावनात्मक बहकावे और ब्लैकमेलिंग से सावधान रहना चाहिए। देश की सुरक्षा से जुड़ी कोई भी संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। जागरूकता ही साइबर जाल और देशविरोधी तत्वों से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।”
हिसार पुलिस ने युवाओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें, उन्हें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध संपर्क अथवा गतिविधि को नजरअंदाज न करें।





