RTO E-Challan.apk फाइल से रहें सतर्क, मोबाइल हैकिंग का खतरा II
RTO E-Challan.apk फाइल से रहें सतर्क, मोबाइल हैकिंग का खतरा II


सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- सिरसा पुलिस आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सूचित करती है कि हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा गलती से “RTO E-Challan.apk” नामक मोबाइल एप्लीकेशन फाइल डाउनलोड की गई। इस फाइल को डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और उसके व्हाट्सएप अकाउंट से विभिन्न पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप्स में यह फाइल स्वतः भेजी जाने लगी। यह घटना गंभीर साइबर खतरे की ओर संकेत करती है, क्योंकि ऐसी फाइलें डाउनलोड करने से न केवल मोबाइल डिवाइस का नियंत्रण साइबर अपराधियों के पास चला जाता है बल्कि उसमें मौजूद निजी डेटा, बैंक संबंधी जानकारी और गोपनीय सूचनाएँ भी चोरी हो सकती हैं। आजकल साइबर अपराधी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफार्मों के माध्यम से लोगों को झांसे में लेने के लिए लगातार नये-नये तरीके अपना रहे हैं। “.apk” फाइलें प्रायः मोबाइल एप्लीकेशन इंस्टाल करने के लिए होती हैं, लेकिन यदि वे किसी अज्ञात स्रोत या थर्ड पार्टी ऐप स्टोर से आई हों तो उनमें वायरस अथवा हैकिंग सॉफ़्टवेयर छिपा हो सकता है। एक बार इन्हें खोलने या इंस्टाल करने पर मोबाइल पूरी तरह से हैक हो सकता है और व्यक्ति की गोपनीयता खतरे में पड़ सकती है।
हरियाणा पुलिस सभी नागरिकों व आमजन से विनम्र निवेदन करती है कि:-
- किसी भी अनजान लिंक, एप्लीकेशन या “.apk” फाइल को कभी भी डाउनलोड या ओपन न करें।
- केवल आधिकारिक और सुरक्षित ऐप स्टोर (Google Play Store/Apple App Store) से ही एप्लीकेशन डाउनलोड करें, किसी भी थर्ड पार्टी ऐप या लिंक से ऐप डाउनलोड न करें।
- यदि आपके व्हाट्सएप पर “RTO E-Challan.apk” अथवा कोई अन्य संदिग्ध फाइल प्राप्त होती है तो बिना खोले तुरंत डिलीट कर दें।
- यदि गलती से ऐसी फाइल खुल जाए या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत अपने मोबाइल को सुरक्षित करें और नजदीकी साइबर क्राइम सेल से सम्पर्क करें।
- साइबर ठगी या हैकिंग से संबंधित किसी भी समस्या के लिए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। सिरसा पुलिस आमजन को भरोसा दिलाती है कि उनकी सुरक्षा और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में समय रहते सतर्क रहना और पुलिस को सूचना देना बेहद आवश्यक है। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधियों से बचाना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराना है। अतः सभी से अपील है कि जागरूक रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधियों की किसी भी चाल का शिकार न बनें।। #newstodayhry @newstodayhry



