दिवाली से पहले अमृतसर पुलिस का बड़ा तोहफा II
दिवाली से पहले अमृतसर पुलिस का बड़ा तोहफा II

अमृतसर-(नेहा गिल):- अमृतसर पुलिस ने दिवाली से पहले शहरवासियों को एक खास तोहफा दिया है। जिन लोगों के मोबाइल फोन गुम हो गए थे, पुलिस ने उनका पता लगाकर असली मालिकों को सौंप दिया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अमृतसर पुलिस स्टेशन साइबर क्राइम, सब-डिवीजन ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और सेंट्रल की टीमों ने एक संयुक्त अभियान में कुल 153 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये फोन उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि सब-डिवीजन ईस्ट द्वारा 50, वेस्ट द्वारा 33, नॉर्थ द्वारा 2, सेंट्रल द्वारा 41 और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन द्वारा 27 मोबाइल फोन ट्रेस किए गए। एक विशेष समारोह के दौरान इन सभी मोबाइल फोन को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया। कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की तकनीकी टीम लोगों की शिकायतों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या सांझ केंद्र में खोने की रिपोर्ट दर्ज करवानी चाहिए। इसके अलावा दूरसंचार मंत्रालय द्वारा जारी सीईआईआर पोर्टल भी इस कार्य के लिए बहुत मददगार है। इस पर रिपोर्ट दर्ज करके मोबाइल फोन के दुरुपयोग को रोका जा सकता है। इसके अलावा वाहन चोरी के विभिन्न मामलों में भी पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। वाहन चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 02 लग्जरी कारों (महिंद्रा थार और होंडा सिटी), 92 मोटरसाइकिल और 23 एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 117 वाहन जब्त किए हैं। कमिश्नर ने कहा कि अमृतसर पुलिस शहरवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए निरंतर कार्यरत है और ये जनहित कार्य भविष्य में भी जारी रहेंगे।। #newstodayhry @newstodayhry



