Haryana
Trending

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान को मिली नई मजबूती हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों व आमजन को किया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक।।

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान को मिली नई मजबूती हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों व आमजन को किया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक।।

हिसार-(अमित कुमार):- आई.जी.पी. हिसार मंडल श्री कुलदीप सिंह व हिसार के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्वान्त जैन के कुशल नेतृत्व में जिला हिसार की नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा “अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस” के उपलक्ष्य में 11 जून 2026 से 26 जून 2026 तक चलाए जा रहे “ड्रग फ्री हरियाणा” थीम आधारित पखवाड़े के अंतर्गत लगातार जागरूकता एवं पुनर्वास गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा थाना उकलाना क्षेत्र के गांव बिठमड़ा स्थित सूरेवाला चौक आईटीआई तथा थाना बरवाला क्षेत्र के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बरवाला में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में आईटीआई बरवाला के लगभग 175 तथा आईटीआई सूरेवाला के लगभग 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त सरकारी अस्पताल हिसार में भी लगभग 50 आमजन को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशा मुक्ति अभियान के उद्देश्य के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार, सरकारी अस्पताल हिसार के स्टाफ, टीम सदस्य मीना तथा दोनों संस्थानों के प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, खेलकूद एवं शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नशा मुक्ति अभियान के तहत आज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर नशा तस्करों के संबंध में सूचनाएं एकत्रित की गईं तथा नशा प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को उपचार एवं परामर्श के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान हिसार में 01 नए नशा पीड़ित की पहचान कर गई। इसके अलावा 01 नशा पीड़ित को सरकारी अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। नशा मुक्ति टीम द्वारा 03 नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा उनकी काउंसलिंग भी की गई। वहीं 05 नशा पीड़ितों को सरकारी अस्पताल हिसार से दूसरी बार एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध करवाया गया। इस प्रकार आज कुल 09 नशा पीड़ितों को दवाइयां एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। पुलिस अधीक्षक हिसार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे उपचार हेतु प्रेरित करें तथा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सामूहिक प्रयासों से ही “ड्रग फ्री हरियाणा” के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है और युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button