

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- करीब 1.92 लाख रुपए के चेक बाउंस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़ा आरोपी को आखिरकार सिविल लाइन थाना पुलिस ने फतेहाबाद से काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिलेभर में वांछित भगोड़ों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस को आरोपी के संबंध में पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद के गांव जमालपुर निवासी सुशील कुमार पुत्र इंद्रसेन को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सिरसा के सिविल लाइन थाने में 1 लाख 92 हजार रुपए के चेक बाउंस मामले में बीएनएस की धारा 209 के तहत केस दर्ज है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी को कई बार पेश होने के लिए नोटिस जारी किए, लेकिन वह लगातार गैरहाजिर रहा। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर 4 मार्च 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी (पी.ओ.) घोषित कर दिया गया था।पुलिस के अनुसार आरोपी करीब सवा साल से कानून की पकड़ से बचता फिर रहा था। आखिरकार खुफिया सूचना के आधार पर उसे फतेहाबाद से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ की औपचारिक कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार और घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। #newstodayhry @newstodayhry



