नशा तस्करों पर हिसार पुलिस का बड़ा प्रहार, एनडीपीएस मामलों में 115% की बढ़ोतरी, 141 तस्कर गिरफ्तार : एसपी सिद्धान्त जैन।।
नशा तस्करों पर हिसार पुलिस का बड़ा प्रहार, एनडीपीएस मामलों में 115% की बढ़ोतरी, 141 तस्कर गिरफ्तार : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के नेतृत्व में हिसार पुलिस द्वारा जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के लगातार सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए हिसार पुलिस ने वर्ष 2026 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया है।
एसपी श्री सिद्धान्त जैन ने बताया कि 01 अप्रैल 2026 से 12 जुलाई 2026 तक हिसार पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 88 मामले दर्ज किए, जबकि वर्ष 2025 की इसी अवधि में 41 मामले दर्ज हुए थे। इस प्रकार एनडीपीएस मामलों में 47 मामलों की वृद्धि (लगभग 115 प्रतिशत) दर्ज की गई है। इसी अवधि में वर्ष 2026 में 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि वर्ष 2025 में 94 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। इस प्रकार 43 अधिक नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 के 02 वांछित आरोपियों को भी वर्ष 2026 में गिरफ्तार किया गया है।
बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ बरामद
हिसार पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की उल्लेखनीय बरामदगी की गई, जिनमें प्रमुख रूप से—
• अफीम : 06 किलोग्राम 395 ग्राम 75 मिलीग्राम
• चरस : 04 किलोग्राम 550 ग्राम
• गांजा : 17 किलोग्राम 838 ग्राम
• हेरोइन : 01 किलोग्राम 889 ग्राम 411 मिलीग्राम
• नशीली दवाइयां : 480 ट्रामाडोल कैप्सूल, 240 अल्प्राजोलम टैबलेट, 60 एटिजोलम टैबलेट एवं 18.52 मिलीग्राम टैबलेट पाउडर
बरामद की गई हैं। इसके साथ ही अफीम, गांजा, चरस तथा अन्य मादक पदार्थों के मामलों में भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस की प्राथमिकता केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। नशे का अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध आर्थिक जांच, संपत्ति की पहचान तथा कानून के तहत उपलब्ध सभी प्रावधानों का प्रयोग करते हुए कठोर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि “नशा बेचने वालों के लिए हिसार में कोई स्थान नहीं है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। हिसार पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी दृढ़ता और निरंतरता के साथ जारी रहेगी।”
एसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा बेचने, तस्करी करने अथवा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना मिले तो तुरंत हिसार पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नशा मुक्त हिसार” केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज का संकल्प है। आइए, हम सब मिलकर युवाओं का भविष्य सुरक्षित करें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।। #Newstodayhry @Newstodayhry




