Haryana
Trending

साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर, एसपी हिसार ने साइबर थाना के जांच अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक।।

साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर, एसपी हिसार ने साइबर थाना के जांच अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में थाना साइबर क्राइम हिसार के सभी अनुसंधान अधिकारियों (Investigating Officers) की समीक्षा बैठक लेकर साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी अनुसंधान एवं पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक साइबर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शुरुआती “गोल्डन ऑवर्स” का अधिकतम उपयोग करते हुए ठगी गई राशि को फ्रीज एवं वापस दिलाने के लिए संबंधित बैंकों और एजेंसियों के साथ त्वरित समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रेल, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस, डिवाइस, सोशल मीडिया अकाउंट एवं डिजिटल दस्तावेजों का गहन विश्लेषण कर साइबर अपराधियों तक पहुंच बनाई जाए। जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। श्री सिद्धान्त जैन ने निर्देश दिए कि साइबर अपराधों में शामिल गिरोहों के नेटवर्क को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों के विरुद्ध अन्य राज्यों की पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जांच अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत करने तथा पीड़ितों की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निपटारा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में साइबर ठगी के नए तरीकों जैसे डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी, नौकरी दिलाने का झांसा, क्रेडिट कार्ड एवं केवाईसी अपडेट, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी ट्रेडिंग एप एवं फर्जी कस्टमर केयर फ्रॉड पर विशेष चर्चा की गई तथा इन मामलों की जांच को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि “साइबर अपराधियों के खिलाफ हिसार पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अनुसंधान किया जाएगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आमजन को जागरूक करना भी हमारी प्राथमिकता है, क्योंकि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों के विरुद्ध सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक अथवा डिजिटल धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम साइबर पुलिस थाना या साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें। समय पर दी गई सूचना से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button