नशे के खिलाफ हिसार पुलिस की मुहिम को मिल रहा जनसहयोग ll
नशे के खिलाफ हिसार पुलिस की मुहिम को मिल रहा जनसहयोग ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान को लगातार गति दी जा रही है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम हिसार द्वारा थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव ढाणी मोहब्बतपुर, गांव मोहब्बतपुर तथा सिसवाल स्थित शिवालय मंदिर प्रांगण में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं पुरुषों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने बच्चों को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित किया। युवाओं को पढ़ाई एवं खेलों की ओर ध्यान केंद्रित करने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने पर विशेष जोर
नशा मुक्ति टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें नशे की लत से बाहर निकलने के लिए उपचार एवं नियमित दवाई लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों से नशा तस्करों के संबंध में जानकारी साझा करने की अपील की गई, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अभियान के दौरान जिला हिसार क्षेत्र के 08 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई। वहीं 02 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार दवाई दिलवाई गई तथा 04 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवाई उपलब्ध करवाई गई। इस दौरान आवश्यक ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग भी करवाई गई। इस प्रकार कुल 14 नशा पीड़ितों को घर जाकर एवं नागरिक अस्पताल के माध्यम से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक उपचार से जोड़ा गया।
उपचार की ओर बढ़े नशा पीड़ित, परिवारों में जगी नई उम्मीद
हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम के प्रयासों से प्रेरित होकर 02 नशा पीड़ित नागरिक अस्पताल हिसार में उपचार के लिए दाखिल हुए, जबकि 01 नशा पीड़ित अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए दाखिल हुआ। पुलिस टीम द्वारा इन व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को लगातार सहयोग एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दे, उन्हें खेल, शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़े तथा यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ गया है तो उसे अपराधी समझकर छोड़ने के बजाय उपचार एवं काउंसलिंग के माध्यम से मुख्यधारा में लाने का प्रयास करें।
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि नशा मुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें और नशा तस्करों के बारे में पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि एक युवक को नशे की लत से बचाना केवल एक परिवार को नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य को बचाना है।
हिसार पुलिस का संकल्प
“नशे को ना—जीवन को हाँ
हर युवा स्वस्थ रहे, शिक्षित बने और खेलों से जुड़े—यही नशामुक्त हिसार की दिशा में हमारा प्रयास है।” @newstodayhry #newstodayhry




