राखी खरीदने से पहले सावधान! एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक अकाउंट ll
राखी खरीदने से पहले सावधान! एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक अकाउंट ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही ऑनलाइन खरीदारी का क्रेज बढ़ गया है। लोग राखी, मिठाई, कपड़े और गिफ्ट समेत अन्य सामान घर बैठे मंगवा रहे हैं। त्योहारों के इस सीजन में साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं। फर्जी शॉपिंग वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन और भारी डिस्काउंट का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जाती है। ऐसे में जरा सी सावधानी बड़ी ठगी से बचा सकती है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जिलावासियों को साइबर ठगों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऑनलाइन खरीदारी हमेशा भरोसेमंद और आधिकारिक ई-कॉमर्स वेबसाइट से ही करें । किसी वेबसाइट से सामान खरीदने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांच लें। केवल भारी छूट, आकर्षक ऑफर या एक्सप्रेस डिलीवरी देखकर किसी अनजान वेबसाइट पर भरोसा न करें। एसपी ने कहा कि डिजिटल दौर में ऑनलाइन शॉपिंग जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। साइबर अपराधी इसी सुविधा का फायदा उठाकर फर्जी वेबसाइट और लिंक तैयार करते हैं। कई बार भुगतान लेने के बाद सामान नहीं भेजा जाता तो कहीं नकली या घटिया सामान भेजकर लोगों को चूना लगाया जाता है। सोशल मीडिया विज्ञापनों से रहें सावधान – फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखने वाले हर शॉपिंग विज्ञापन को सही न मानें। ठग भारी डिस्काउंट, सीमित समय की सेल, मुफ्त गिफ्ट और एक्सप्रेस डिलीवरी जैसे ऑफर दिखाकर फर्जी वेबसाइट पर ले जा सकते हैं। किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। ऑनलाइन राखी या गिफ्ट भेजते समय भरोसेमंद वेबसाइट अथवा कूरियर सेवा का ही इस्तेमाल करें। विदेश में गिफ्ट भेजने पर कस्टम नियमों की जानकारी पहले लें। रिसीवर का नाम, पता, पिनकोड और मोबाइल नंबर सही भरें। डिलीवरी समय और शिपिंग चार्ज की जानकारी लेने के साथ ऑर्डर आईडी व रसीद भी सुरक्षित रखें। एसपी ने कहा कि व्हाट्सएप या ई-मेल से आए संदिग्ध लिंक खोलने से बचें। बैंक खाता बंद होने, केवाईसी अपडेट कराने या इनाम मिलने का झांसा देकर फोन करने वाले व्यक्ति को बैंक डिटेल, पासवर्ड, कार्ड की जानकारी या ओटीपी कतई न दें। बैंक संबंधी परेशानी होने पर केवल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या आधिकारिक कस्टमर केयर से संपर्क करें। लॉटरी, रिचार्ज कूपन, डिस्काउंट और अन्य लालच में आकर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा साइबर क्राइम थाना अथवा संबंधित थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर भी शिकायत दी जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि खुद जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करें। ऑनलाइन खरीदारी में जल्दबाजी न करें और किसी भी ऑफर के लालच में अपनी मेहनत की कमाई व निजी जानकारी जोखिम में न डालें। थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगों के मंसूबों पर पानी फेर सकती है। @newstodayhry #newstodayhry




