
हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने हिसार पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून का पालन करने वाले प्रत्येक नागरिक का सम्मान किया जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने वाले लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं सम्मान के साथ व्यवहार किया जाए। वहीं कानून का उल्लंघन करने वाले, अपराध करने वाले तथा समाज में अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ बिना किसी दबाव, भेदभाव या पक्षपात के नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी हिसार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास ही मजबूत कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। आमजन पुलिस को अपना सहयोगी समझे और अपराध के खिलाफ बेझिझक आवाज उठाए-इसके लिए पुलिसकर्मियों का व्यवहार सम्मानजनक, जिम्मेदार और संवेदनशील होना चाहिए।
अच्छे नागरिक का सम्मान, अपराधी पर कानून का प्रहार
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस की नीति बिल्कुल स्पष्ट है—
“जो कानून का सम्मान करता है, कानून का पालन करता है और समाज की सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करता है, वह हिसार पुलिस के लिए सम्मान का पात्र है। लेकिन जो कानून को चुनौती देगा, अपराध करेगा या दूसरों के अधिकारों एवं सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधी की पहचान उसके प्रभाव से नहीं, उसके कृत्य से होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति के दबाव, प्रभाव, पद या रसूख के कारण कानून के साथ समझौता न किया जाए।
पुलिस का व्यवहार विश्वास बढ़ाए, कार्रवाई अपराध का डर पैदा करे
एसपी हिसार ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि आम नागरिक पुलिस के पास आने में खुद को सुरक्षित महसूस करे और अपराधी पुलिस की कार्रवाई से कानून का भय महसूस करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए तथा कानून के दायरे में उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, साइबर अपराधियों एवं समाज में भय या अशांति पैदा करने वाले तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
एसपी हिसार का स्पष्ट संदेश
“हिसार पुलिस का सिद्धांत सरल है—
कानून मानने वाले का सम्मान
कानून तोड़ने वाले पर प्रहार
न किसी निर्दोष को परेशान किया जाएगा
न किसी अपराधी को बख्शा जाएगा।”
एसपी हिसार ने आमजन से भी अपील की कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें तथा समाज में शांति, सुरक्षा और भाईचारा कायम रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।। #Newstodayhry @Newstodayhry




