प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान को लेकर वर्चुअल बैठक ll
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान को लेकर वर्चुअल बैठक ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर सोमवार को सिरसा स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरसा जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, स्थानीय व्यापारियों, चिकित्सकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव एवं सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े मुख्य रूप से जुड़े। उन्होंने अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी साझा करते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण के कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष बहन अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ मिलकर आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया जाए तथा प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा के सफर को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल भाजपा का कार्यक्रम न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से एक व्यापक जन आंदोलन बने, इसके लिए सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक संगठनों, चिकित्सकों, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। प्रदेश अध्यक्ष ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न रचनात्मक एवं सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की अपील की। उन्होंने वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण, नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता, वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा तथा डिजिटल शिक्षा से जोड़ने, रक्तदान शिविर, स्वच्छता एवं गहन सफाई अभियान तथा मेडिकल चेकअप एवं स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे जनसेवा के कार्यों में सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों को बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। सिरसा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी सिरसा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह ने की। उन्होंने बैठक में शामिल सभी सामाजिक संस्थाओं, प्रबुद्ध नागरिकों, चिकित्सकों, व्यापारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिरसा जिले में सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी एवं व्यापक स्वरूप देने के लिए भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा के सफर को समर्पित यह अभियान सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी संस्थाओं एवं नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर इसे सिरसा जिले में एक सशक्त जनभागीदारी अभियान बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की देखरेख कर रहे कुलजीत चहल, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, जिला महामंत्री अंबर कुमार, हनुमान कुंडू, प्रदीप रातूसरिया, भूपेश मेहता सहित सिरसा जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, व्यापारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। @newstodayhry #newstodayhry




