सिरसा से उठी दूध आंदोलन की आवाज, 3 दिन सप्लाई बंद रखने का आह्वान II
सिरसा से उठी दूध आंदोलन की आवाज, 3 दिन सप्लाई बंद रखने का आह्वान II

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- नकली दूध, घी, खोया, पनीर और अन्य मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ अभियान को लेकर शनिवार को गुरुद्वारा चिल्ला साहिब, सिरसा में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों, पशुपालकों, मजदूरों, दूधियों तथा दूध व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक पूरे हरियाणा में दूध की सप्लाई बंद रखने का आह्वान किया जाएगा। इस दौरान वीटा, वेरका, सरस, अमूल सहित अन्य दूध कंपनियों से गांवों और शहरों में दूध की गाड़ियां नहीं भेजने की अपील की गई। बैठक में किसानों, पशुपालकों, मजदूरों और दूधियों से भी अपील की गई कि 1 से 3 अक्टूबर तक न दूध खरीदें और न दूध बेचें। आंदोलन के दौरान दूध बेचने वाले व्यक्ति पर ₹51,000 का सामुदायिक जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। #newstodayhry @newstodayhry
बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन के दौरान दूध ढोने में इस्तेमाल होने वाले साधन को जब्त किया जाएगा तथा पकड़े गए दूध को गरीब बस्तियों में वितरित किया जाएगा। आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए सिरसा जिला कमेटी का गठन किया गया, जिसमें जसबीर सिंह भाटी, मैक्स साहुवाला, भूपिंदर सिंह नंबरदार, उदय प्रताप सिंह गिल, गुरी सेखों, सोम चंद सरपंच, आकाश कंबोज, अर्जन कंबोज, गोरा बराड़, रोशन लाल, खुशदीप सिंह, बलजिंदर सूच और कुलविंदर सिंह को शामिल किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पशुपालकों को दूध का उचित दाम दिलाना और नकली व मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ जनजागरूकता पैदा करना है। “नकली के खिलाफ जंग, असली को प्रमोट” अभियान को पूरे हरियाणा में आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर मैक्स साहुवाला ने कहा कि नकली दूध, घी, खोया और पनीर जैसी मिलावट को रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य मिले और उपभोक्ताओं तक शुद्ध दुग्ध उत्पाद पहुंचें, इसके लिए नकली दूध के खिलाफ लड़ाई को पूरे हरियाणा में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने किसानों, पशुपालकों, मजदूरों, दूध व्यवसाय से जुड़े लोगों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सहयोग करने की अपील की। #newstodayhry @newstodayhry




