जागरूकता से उपचार तक, नशामुक्त हिसार के लिए पुलिस का विशेष अभियान II
जागरूकता से उपचार तक, नशामुक्त हिसार के लिए पुलिस का विशेष अभियान II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता एवं उपचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सदर हिसार क्षेत्र के गांव सलेमगढ़ एवं गांव मिंगनीखेड़ा में नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
स्कूल में 125 विद्यार्थियों को किया जागरूक-
गांव सलेमगढ़ के राजकीय उच्च विद्यालय में मुख्य अध्यापक श्री रामफल की उपस्थिति में नशा मुक्ति पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने करीब 125 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, पढ़ाई एवं खेलों में ध्यान केंद्रित करने के साथ-साथ साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई।इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक श्री राहुल, श्री अनिल, अध्यापिका श्रीमती अर्चना सहित स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। #newstodayhry @newstodayhry
नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को किया जागरूक-
नशा मुक्ति टीम द्वारा सलेमगढ़ एवं मिंगनीखेड़ा गांवों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिवारजनों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें तथा नशा तस्करों के संबंध में पुलिस को जानकारी देकर नशामुक्त अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। #newstodayhry @newstodayhry
18 नशा पीड़ितों को उपलब्ध करवाई दवाइयां व काउंसलिंग-
नशा मुक्ति टीम द्वारा नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। अभियान के दौरान एक नए नशा पीड़ित की पहचान की गई। इसके अलावा 7 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार में दूसरी बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां दिलवाई गईं, उनके ब्लड टेस्ट करवाए गए तथा काउंसलिंग करवाई गई। वहीं, सलेमगढ़, मिंगनीखेड़ा एवं हिसार क्षेत्र के 11 नशा पीड़ितों को पुलिस नशा मुक्ति टीम द्वारा उनके घर जाकर आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 18 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। #newstodayhry @newstodayhry
एसपी हिसार का संदेश-
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार, काउंसलिंग एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि एक युवा का नशे से बाहर निकलना पूरे परिवार और समाज की जीत है। पुलिस द्वारा जागरूकता, उपचार और कानून प्रवर्तन—तीनों स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी ने आमजन से अपील की कि अपने आसपास किसी व्यक्ति के नशे की लत से प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर उसे छिपाने के बजाय उपचार एवं काउंसलिंग के लिए आगे लाएं तथा नशा तस्करों के संबंध में पुलिस को सूचना देकर नशामुक्त हिसार के निर्माण में सहयोग करें। #newstodayhry @newstodayhry




