Haryana
Trending

कलायत की स्मार्ट रोड पर सवाल, घटिया निर्माण सामग्री के आरोप II

कलायत की स्मार्ट रोड पर सवाल, घटिया निर्माण सामग्री के आरोप II

कलायत-(तरसेम सिंह):- कलायत में सामान्य बस अड्डा से भगवान कपिल मुनि राजकीय महिला कॉलेज के बीच भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर मार्ग के सुंदरीकरण के लिए चल रहे स्मार्ट रोड निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। समाजसेवी संगठनों और शहरवासियों ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त ईंटों, रेत, रोड़े सहित अन्य सामग्री की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए इसकी जांच की मांग की है। विद्यार्थियों, यात्रियों व शहरवासियों का कहना है कि स्मार्ट रोड योजना का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्ग को बेहतर, सुंदर और सुविधाजनक बनाना है। ऐसे में निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। आरोप है कि मार्ग के कुछ हिस्सों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने के बजाय कच्ची जमीन पर ही रोड़ा डालकर काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका के माध्यम सेे जारी विभिन्न निर्माण विकास कार्यों पर निरंतर भ्रष्टाचार के आरोप लगते आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षद प्रदीप राणा व अन्य जन प्रतिनिधियों की शिकायत पर खुद सीएम फ्लाइंग निर्माण कार्यों के सैंपल ले चुकी है। जबकि सात पार्कों के टेंडर सहित कुछ दूसरे कार्यों की जांच अलग-अलग स्तरोंं पर जारी है। #newstodayhry @newstodayhry

करीब 30 लाख रुपए की योजना से होना है मार्ग का सुंदरीकरण:
स्मार्ट रोड नीति के तहत करीब 30 लाख रुपये के बजट से डा.भीमराव अंबेडकर मार्ग का सुंदरीकरण दो चरणों में किया जाना प्रस्तावित है। योजना के तहत मार्ग के दोनों ओर फुटपाथ निर्माण के साथ बोतल पाम के पौधे, लाइट, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं। हर किसी को यह आस रही है कि योजना पूरी होने के बाद मार्ग का स्वरूप बेहतर होगा और आमजन को सुविधाएं मिलेंगी। लेकिन निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के कारण योजना के क्रियान्वयन पर निगरानी और जांच की मांग ने जोर पकड़ लिया है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से होने वाले निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बताया जा रहा है कि नगर पालिका कार्यालय के अवकाश वाले दिनों में निर्माण कार्य को अधिक गति दी जाती है। जबकि ऐसे समय में गुणवत्ता की निगरानी करने वाले अधिकारी मौके पर उपलब्ध नहीं रहते। #newstodayhry @newstodayhry

पारदर्शिता से पूरा करवाया जाएगा निर्माण:
नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता अब्दुल वहाब ने कहा कि स्मार्ट रोड के तहत मार्ग को बेहतर और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण एजेंसी को मौके पर इस्तेमाल की गई निम्न गुणवत्ता की ईंटों सहित अन्य सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित एजेंसी को अलग से नोटिस भी जारी किया जाएगा। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button