हत्या मामले में मृतक की पत्नी आशा गिरफ्तार।।
हत्या मामले में मृतक की पत्नी आशा गिरफ्तार।।

हिसार-(अमित कुमार ):- हिसार पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना एचटीएम पुलिस ने हत्या कर शव खुर्द-बुर्द करने के मामले में मृतक जतिन की पत्नी आशा को भी गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस द्वारा मामले में अश्वनी पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी जीतगढ़, जिला जींद, लक्ष्य पुत्र विजय कुमार तथा रोहित पुत्र सुरेश कुमार निवासीगण उगालन, जिला हांसी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस संबंध में प्रभारी थाना एचटीएम ने बताया कि दिनांक 14 सितंबर 2026 को चंद्र मोहन पुत्र श्रीधर निवासी विनोद नगर गली नंबर-1, मिल गेट, हिसार ने अपने पुत्र जतिन के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत पर थाना एचटीएम में धारा 127(6) BNS के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी जांच के दौरान दिनांक 16 सितंबर 2026 को लापता जतिन का शव डाटा-गुराना माइनर से बरामद हुआ। पुलिस द्वारा शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के दौरान गले में फ्रैक्चर पाए जाने तथा मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने हत्या के संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतक जतिन की पत्नी आशा को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को अपने परिचित अश्वनी के साथ संपर्क में होने तथा जतिन की हत्या की साजिश में शामिल होने संबंधी जानकारी दी है। पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल फोन सहित अन्य आवश्यक साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जतिन को वाहन के क्लेम के बहाने बाहर बुलाने तथा बाद में उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंकने की योजना बनाई गई थी। पुलिस द्वारा इस संबंध में उपलब्ध तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों का गहनता से सत्यापन किया जा रहा है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी
प्रभारी थाना एचटीएम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के दौरान हत्या के कारणों, घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा वारदात से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जाएगा। मामले में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक हिसार का संदेश
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। हिसार पुलिस द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गंभीर मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। अपराध में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध को छिपाने या जांच को गुमराह करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हिसार पुलिस की अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और विभिन्न जांच माध्यमों का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने की कार्रवाई लगातार जारी है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




