एसपी जसलीन कौर ने जनरल परेड का निरीक्षण किया।।
एसपी जसलीन कौर ने जनरल परेड का निरीक्षण किया।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- आज पुलिस लाइन डबवाली में जनरल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, IPS ने परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया तथा पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहते हुए पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और बेहतर पुलिसिंग को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर मैत्रीपूर्ण व्यवहार के साथ उनका शीघ्र समाधान करें तथा लंबित केसों और केस प्रॉपर्टी का निपटारा करवाएं। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा नशे की सप्लाई चेन पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं और उपचाराधीन व्यक्तियों से संपर्क बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों एवं गांवों में जागरूकता कार्यक्रम, खेल गतिविधियां और संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सके। यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट की जांच को प्राथमिकता देने व वाहन चालकों को अपने वाहनों पर एचएसआरपी नम्बर प्लेट लगाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। एसपी जसलीन कौर ने राइडर्स एवं डायल 112 टीमों को बैंक, एटीएम, स्कूल-कॉलेज सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित गश्त करने और आपसी तालमेल से अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया । जिनमें मुख्य रूप से उप निरीक्षक राजेश कुमार प्रभारी एवीटी/स्पेशल स्टाफ डबवाली,साइबर सेल डबवाली प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, एएसआई गुलाब सिंह थाना कालांवाली,मुख्य सिपाही जयवर्धन मालखाना मोहर्रर थाना सदर डबवाली, मुख्य सिपाही कुलदीप कुमार थाना शहर डबवाली, मुख्य सिपाही गुरलाल सिंह फोटोग्राफर सहित अन्य कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित कर्मचारियों ने यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण व आपराधिक वारदातों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी व अन्य क्षेत्र में सराहनीय भूमिका निभाई। एसपी ने कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।। #Newstodayhry @Newstodayhry




