#haryanagorvment
Trending

बंदूक लाइसेंसी है, लेकिन दहशत फैलाई तो पुलिस करेगी कार्रवाई!

बंदूक लाइसेंसी है, लेकिन दहशत फैलाई तो पुलिस करेगी कार्रवाई!

सिरसा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ फोटो डालकर खुद को दबंग दिखाने और समाज में रौब जमाने का शौक अब भारी पड़ सकता है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और ट्विटर पर पिस्तौल, रिवॉल्वर व अन्य हथियारों के साथ फोटो, वीडियो और रील अपलोड करने वाले लोग अब सिरसा पुलिस के निशाने पर हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साइबर सेल भी सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर नजर रख रही है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आजकल कुछ लोगों में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर अपना रुतबा दिखाने का चलन बढ़ रहा है। कई लोग एक-दो नहीं, बल्कि कई हथियारों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करते हैं। इसके बाद लाइक और कमेंट के सहारे इलाके में अपनी धाक जमाने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग तो हथियारों के साथ डराने-धमकाने वाले संदेश भी पोस्ट करते हैं, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हथियार लाइसेंसी हो या गैर लाइसेंसी, उसका गलत इस्तेमाल अथवा कानून का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय पैदा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में मुकदमा दर्ज करने के साथ संबंधित व्यक्ति का शस्त्र लाइसेंस रद्द करवाने के लिए भी सक्षम अधिकारी को रिपोर्ट भेजकर लाईसेंसी हथियार कैंसिल करवाने की सिफारिस की जाएगी। लाइक और शेयर करने वालों पर भी नजर एसपी ने कहा कि पुलिस की नजर केवल हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालने वालों पर ही नहीं, बल्कि ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर भी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करके युवाओं को प्रभावित करने और उन्हें आपराधिक गतिविधियों की ओर ले जाने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि हथियारों को रुतबा दिखाने का साधन न बनाएं और सोशल मीडिया पर इस तरह की तस्वीरें या वीडियो पोस्ट करने से बचें। कानून हाथ में लेने और समाज में दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सिरसा पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी सुरक्षित रहने के लिए विशेष बातों को ध्यान रखें । 1. सुरक्षित लॉकर में रखें: अपने लाइसेंसी हथियार को हमेशा अपनी कस्टडी में या घर के किसी ऐसे सुरक्षित लॉकर में रखें जिसकी चाबी सिर्फ आपके पास हो। 2. साफ मना करें: यदि कोई रिश्तेदार या दोस्त फोटो खिंचवाने या किसी अन्य काम के लिए आपका हथियार मांगता है, तो कानूनी नियमों का हवाला देकर उन्हें विनम्रता से मना कर दें। 3. लाइसेंस की शर्तों का पालन करें: याद रखें कि हथियार आत्मरक्षा के लिए दिया गया है, न कि समाज में रौब दिखाने या सोशल मीडिया पर लाइक-फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए ।

Related Articles

Back to top button