13 बोतल अवैध शराब बरामद, बड़ागुढ़ा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
13 बोतल अवैध शराब बरामद, बड़ागुढ़ा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सिरसा :- (अक्षित कम्बोज ) जिले में अवैध शराब की बिक्री और खुर्दा संचालकों पर अंकुश लगाने के लिए सिरसा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बड़ागुढ़ा थाना पुलिस ने गांव भंगू क्षेत्र से एक व्यक्ति को 13 बोतल अवैध देशी शराब सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम बड़ा गढा थाना क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम गांव भंगू क्षेत्र में मौजूद थी तो सामने से एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर उक्त व्यक्ति अचानक वापस मुड़कर वहां से खिसकने का प्रयास करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पुलिस ने नियमानुसार प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली तो उसमें से 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनदीप पुत्र कृष्ण कुमार निवासी गांव भंगू, जिला सिरसा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत बड़ागुढ़ा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





