हिसार में DJ पर पुलिस का शिकंजा, 10 बजे के बाद बजाना पड़ेगा भारी
हिसार में DJ पर पुलिस का शिकंजा, 10 बजे के बाद बजाना पड़ेगा भारी
हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने तथा आमजन की शांति एवं सुविधा बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रात 10 बजे के बाद DJ, लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने पर प्रतिबंध संबंधी नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी हिसार ने कहा कि शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम, निजी पार्टियों, मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हॉल तथा अन्य आयोजनों में DJ और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा रिहायशी क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और विद्यार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में जरूरी नियम एवं निर्देश: 1.रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक DJ, लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। नियमानुसार विशेष छूट के मामलों को छोड़कर। 2.ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल संबंधित अनुमति एवं निर्धारित शर्तों के अनुसार ही किया जाए। 3. आवासीय क्षेत्रों में निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन न करें। 4.DJ संचालक और मैरिज पैलेस संचालक समय सीमा एवं ध्वनि नियंत्रण के नियमों का पालन सुनिश्चित करें।5.सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक तेज आवाज में DJ बजाकर आमजन को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
DJ बजाने के नियमों का उल्लंघन होने पर यहां दें सूचना हिसार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आपके आसपास रात 10 बजे के बाद DJ या लाउडस्पीकर बजाया जा रहा है अथवा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो इसकी सूचना हिसार पुलिस के निम्नलिखित नंबरों पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें।
88140-12342
8814057100
सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि खुशी के आयोजनों को दूसरों के लिए परेशानी का कारण न बनने दें। निर्धारित समय और ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ हिसार पुलिस द्वारा बिना किसी ढिलाई के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





