नन्हे स्केटर का बड़ा धमाका! हरियाणा चैंपियनशिप में जीता कांस्य
नन्हे स्केटर का बड़ा धमाका! हरियाणा चैंपियनशिप में जीता कांस्य ||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) हरियाणा रोलर स्केटिंग एसोसिएशन की ओर से अंबाला में आयोजित 40वीं हरियाणा स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप (पैरा) में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जननायक चौधरी देवीलाल द स्केट पार्क अकादमी के खिलाड़ी तनिष्क ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी उपलब्धि दर्ज करवाई। द सिरसा स्कूल में कक्षा चौथी के छात्र तनिष्क ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल कौशल, मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि द सिरसा स्कूल के जूनियर विंग से जुड़ी जननायक चौधरी देवीलाल द स्केट पार्क अकादमी के लिए भी गौरव का विषय है। अकादमी की निदेशिका डॉ. सुमन बैनीवाल ने तनिष्क की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। तनिष्क ने अपनी लगन से यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। अकादमी के कोच मनीष बिश्नोई ने भी तनिष्क को बधाई देते हुए कहा कि यह खिलाड़ी लगातार अभ्यास के माध्यम से अपनी तकनीक और प्रदर्शन में सुधार कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तनिष्क भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगा। तनिष्क की इस सफलता पर अकादमी और स्कूल परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। #newstodayhry



