“बोतल देखकर नहीं होगा यकीन! अंदर चल रहा था नकली Cold Drink का खेल” ||
“बोतल देखकर नहीं होगा यकीन! अंदर चल रहा था नकली Cold Drink का खेल” ||

पानीपत :- (अरुण मित्तल) पानीपत के सनौली रोड पर गांव कुराड़ के पास एक फैक्ट्री में नामी कंपनियों के ब्रांड की नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार कर बाजार में बेची जा रही थीं। सीए फ्लाइंग, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को होटल जयफुड के नजदीक स्थित एमएस इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में छापा मारा। जांच के दौरान वहां अलग-अलग ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स तैयार होती मिलीं। मौके से 9,391 भरी बोतलें और 41 रोल लेबल बरामद किए गए।बरामद कोल्ड ड्रिंक्स में माउंटेन ड्यू, कोका कोला, स्प्राइट, लिम्का और एमडी कोल्ड ड्रिंक्स शामिल हैं। पेप्सिको और कोका कोला कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने अपने ब्रांड की बोतलों और लेबल का निरीक्षण कर उन्हें नकली बताया। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और सुपरवाइजर के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।सूचना पर पहुंची जांच टीमें सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सनौली रोड पर होटल जयफुड के पास महेंद्र मलिक की फैक्ट्री में पेप्सिको के माउंटेन ड्यू ब्रांड की नकल कर नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार की जा रही हैं। इसके बाद अधिकारियों को जानकारी दी गई और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम को टीम सहित मौके पर बुलाया गया। थाना सनौली पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी।फैक्ट्री में मशीनें चलती मिलीं, कई ब्रांड की ड्रिंक्स तैयार हो रही थीं फैक्ट्री में सुपरवाइजर राहुल बाल्यान निवासी खेड़ी सूडान, जिला मुजफ्फरनगर मिला। उसने टीम को बताया कि वह एमएस इंटरप्राइजेज फैक्ट्री की देखरेख करता है। निरीक्षण के दौरान अंदर मशीनें चल रही थीं और अलग-अलग ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स तैयार की जा रही थीं।सुपरवाइजर ने बताया कि फैक्ट्री में माउंटेन ड्यू, कोका कोला, स्प्राइट, लिम्का, फैंटा और थम्स अप सहित कई ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स बनाई जाती हैं।कंपनी प्रतिनिधियों ने भी जांच कर नकली बताया पेप्सिको कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि जयदीप सिंह कौचर ने माउंटेन ड्यू की तैयार बोतलों और लेबल का निरीक्षण किया। वहीं, कोका कोला कंपनी की ओर से हेमंत मल्होत्रा और लालन सेठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोका कोला, लिम्का और स्प्राइट सहित अपने ब्रांड की बोतलों और लेबल की जांच की। शिकायत के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधियों ने फैक्ट्री में तैयार इन ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स को नकली पाया।कोल्ड ड्रिंक्स के 9 सैंपल लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अलग-अलग ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स के कुल 9 सैंपल लिए। प्रत्येक सैंपल में 4 बोतलें शामिल की गईं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। फैक्ट्री प्रबंधन से लाइसेंस और संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका।फैक्ट्री मालिक का फोन बंद मिला फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक से उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद मिला। पुलिस ने महेंद्र मलिक और सुपरवाइजर राहुल बाल्यान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 347, 348, 349, 350 और 61 तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। फैक्ट्री में तैयार पेय पदार्थों की सप्लाई और इसमें अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। #newstodayhry




