महिलाओं के खिलाफ अपराध पर होगी त्वरित कार्रवाईII
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर होगी त्वरित कार्रवाईII

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। महिलाओं को फोन, मैसेज, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से धमकी देने, पीछा करने, अश्लील संदेश भेजने, निजी फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।एसपी हिसार ने स्पष्ट किया कि किसी महिला को डराना, उसकी निजी जानकारी या तस्वीरों का दुरुपयोग करना, बदनाम करने की धमकी देना अथवा उसकी इच्छा के विरुद्ध बार-बार संपर्क कर परेशान करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि धमकी और ब्लैकमेलिंग के जरिए किसी महिला को चुप कराने की कोशिश उन्हें कानूनी कार्रवाई से नहीं बचा सकती। शिकायत मिलने पर मामले की गंभीरता के अनुसार जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी उन्होंने कहा कि कई बार सामाजिक दबाव, बदनामी के डर या आरोपी की धमकियों के कारण महिलाएं शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचाती हैं। अपराधियों की इसी मानसिकता को तोड़ना जरूरी है। महिलाएं किसी भी धमकी, ब्लैकमेलिंग या उत्पीड़न को सहन न करें और न ही अपराधी के दबाव में आकर उसकी मांग पूरी करें। समय रहते शिकायत करना अपराधी के हौसले को तोड़ने और भविष्य में होने वाले अपराधों को रोकने में महत्वपूर्ण है। एसपी हिसार ने आमजन को हिदायत दी कि किसी महिला की निजी फोटो, वीडियो या चैट को उसकी अनुमति के बिना साझा न करें और न ही ऐसी सामग्री को आगे प्रसारित करें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की धमकी देता है तो संबंधित मैसेज, कॉल रिकॉर्ड, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें तथा तुरंत पुलिस को सूचना दें। हिसार पुलिस का सख्त संदेश है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। चाहे अपराधी परिचित हो, रिश्तेदार हो या सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आया व्यक्ति, कानून सभी के लिए समान है। महिलाएं निडर होकर अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाएं। उनकी शिकायतों पर संवेदनशीलता, गोपनीयता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। #neewstodayhry @newsatodayhry




