आंखों की जांच से लेकर ऑपरेशन तक… सिरसा में बड़ा स्वास्थ्य शिविरII
आंखों की जांच से लेकर ऑपरेशन तक… सिरसा में बड़ा स्वास्थ्य शिविरII

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- हिसार रोड स्थित राजेंद्र कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में रोटरी क्लब सिरसा के सहयोग से बाबा बिहारी नेत्रालय द्वारा नि:शुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा आंखों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक करना था। शिविर में आसपास के गांवों से आए अनेक लोगों व राजेन्द्र इंस्टीट्यूट के फार्मेसी एवं नर्सिंग विभाग के विद्यार्थियों के भी नेत्रों की जांच की गई। इस अवसर पर राजेंद्र इंस्टीट्यूट के चेयरमेन एन.के. गुप्ता ने इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने रोटरी क्लब सिरसा एवं बाबा बिहारी नेत्रालय का इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरू गिजवानी द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान मरीजों को नि:शुल्क दवाएं वितरित की गई तथा आवश्यकता अनुसार मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन का परामर्श दिया गया। डॉ. नीरू गिजवानी ने उपस्थितजनों को आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नेत्रों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि आंखों को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना बेहद आवश्यक है। भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल तथा विटामिन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। उन्होंने आंखों की नियमित जांच करवाने, स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त रोशनी में पढऩे तथा मोबाइल एवं कंप्यूटर का उपयोग करते समय उचित सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्होंने सभी को आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर को सफल बनाने में राजेन्द्र इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर एन.के. गुप्ता, सचिव पुलकित गुप्ता, सोसायटी सदस्य पवन बागला, प्राचार्य संजीव कालरा, काउंसलर एकता कालरा तथा राजेंद्र नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल कुलविंद्र कौर, वाइस प्रिंसिपल मंजू गर्ग का विशेष सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं रोटरी क्लब सिरसा के पीडीजी राजीव गर्ग, क्लब अध्यक्ष देवेंद्र बंसल, सचिव विरेंद्र जिंदल, कोषाध्यक्ष भीम सिंगला एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन प्रवीण गर्ग, प्रमोद कंबोज, सुरेश गोयल, प्रवीण नरूला, सुखप्रीत सिंह ढिल्लों, राजेश चाडीवाल, गुलशन वधवा, ओ.पी वर्मा, रमेश गर्ग सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। #newstodayhry @newstodayhry



