

पानीपत-(अरुण मित्तल):- हरियाणा में पानीपत के गांव बिंझौल में मानसिक रूप से बीमार एक महिला ने घर पर ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का पति काम पर गया हुआ था। उसके दोनों बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए गए हुए थे। इसी बीच उसने यह कदम उठा लिया। शव को सिविल अस्पताल लाया गया जहां उसका पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजन शव को झांसी स्थित अपने पैतृक गांव ले गए जहां उसका दाह संस्कार किया जाएगा। जानकारी देते हुए पति अखिलेश ने बताया कि वह मूल रूप से झांसी का रहने वाला है। हाल में वह पिछले कई सालों से पानीपत के गांव बिंझौल में रहता है। वह दो बच्चों का पिता है। उसकी पत्नी उषा (26) वर्ष की थी। जिससे उसकी शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। शादी के पांच साल बाद उसकी पत्नी घर में सीढ़ियों से गिर गई थी जिस दौरान उसके दिमाग पर चोट लगी थी तभी से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी। उसका इलाज भी चल रहा था लेकिन वह ठीक नहीं हो रही थी। बुधवार को उसका पति काम पर गया हुआ था और दोनों बच्चे ट्यूशन पढ़ने गए हुए थे। इसी बीच उसकी पत्नी ने पंखे वाले एंगल में कपड़े से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। जिसकी सूचना पड़ोसियों ने उसे दी। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत घर पहुंचा। आनन-फानन में उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा गया। इसके बाद अचेत अवस्था में उसे सिविल अस्पताल लाया गया जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है। अखिलेश ने बताया कि उसकी पत्नी जब से मानसिक रूप से बीमार हुई है, उसने कई बार सुसाइड का प्रयास किया था। कई बार उसे परिजनों ने मौके पर ही देख लिया और आत्महत्या करने से रोक लिया। लेकिन बुधवार को वह घर पर अकेली थी, जिसके चलते उसने फांसी लगा ली।। #newstodayhry @newstodayhry