79वें स्वतंत्रता दिवस पर नशामुक्त भारत की ओर बढ़ा एक और कदम II
79वें स्वतंत्रता दिवस पर नशामुक्त भारत की ओर बढ़ा एक और कदम II


सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- आजादी का असली पर्व नशे के खिलाफ जन-जागरण आज़ादी के अमृत महोत्सव के क्रम में 79 वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन ग्राम पंचायत हिमायुखेड़ा में बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में आदरणीय सरपंच श्रीमती मनप्रीत कौर, सरपंच प्रतिनिधि श्री हरदीप सिंह, राजकीय माध्यमिक विद्यालय के मुख्य अध्यापक श्री पवन चावला, राजकीय प्राथमिक विद्यालय के श्री मदन जोशी सहित गांव के सम्मानित लोग, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री संजीव कुमार बल्हारा, उप पुलिस अधीक्षक ऐलनाबाद तथा उप निरीक्षक प्रगट सिंह, प्रबंधक थाना ऐलनाबाद विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का असली अर्थ तभी है जब समाज में शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था कायम रहे। देशभक्ति का जज्बा तभी सार्थक होगा जब हम अपने गांव, शहर और राष्ट्र को नशा, अपराध और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों से मुक्त कर पाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री संजीव कुमार बल्हारा, उप पुलिस अधीक्षक ऐलनाबाद ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए सबसे बड़ा दुश्मन है। यह न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है बल्कि उसकी शिक्षा, रोज़गार और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। नशे की गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे अपराध की राह पर चल पड़ता है और परिवार की खुशियों को छीन लेता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई लड़ी जाए। गांव-गांव में जागरूकता फैलाकर युवाओं को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया जाए। यदि किसी को नशे का अवैध कारोबार करते हुए देखा जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस विभाग ने यह भी विश्वास दिलाया कि नशा कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और समाज को नशे के अभिशाप से मुक्त करने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठाएगी। श्री संजीव कुमार बल्हारा, उप पुलिस अधीक्षक ऐलनाबाद ने कहा कि जब हर नागरिक जिम्मेदार और जागरूक बनेगा, तभी राष्ट्र मजबूत और सुरक्षित होगा। बच्चों को अनुशासन, ईमानदारी और देशप्रेम के संस्कार देना हम सभी का कर्तव्य है। उप निरीक्षक प्रगट सिंह, प्रबंधक थाना ऐलनाबाद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि नशे जैसी बुराइयों को जड़ से खत्म करने में पुलिस का सहयोग करेंगे। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हम कानून का पालन करेंगे, नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शपथ ली की ना तो नशा करेंगे और ना ही किसी अपने रिश्तेदार व दोस्त को नशा करने देंगे! नशा छोड़ो – देश जोड़ो, नशा त्यागो भविष्य संवारो” के नारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। जय हिंद, जय भारत II #newstodayhry @newstodayhry



