₹40 लाख की साइबर ठगी का 11वां आरोपी गिरफ्तार, हिसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई ll
₹40 लाख की साइबर ठगी का 11वां आरोपी गिरफ्तार, हिसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध हिसार पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम हिसार की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ₹40 लाख की साइबर ठगी करने के मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 11वें आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
उप नि. नरेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए अजरूल ईशलाम पुत्र बधुरीदीन अहमद, निवासी बारा सन्तोषपुर, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि यह इस गिरोह का 11वां गिरफ्तार आरोपी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अजरूल ईशलाम अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते एवं सिम कार्ड कमीशन के आधार पर उपलब्ध करवाने का कार्य करता था, जिनका उपयोग निवेश के नाम पर लोगों से ठगी गई रकम को इधर-उधर स्थानांतरित करने में किया जाता था। उन्होने बताया कि मामले की जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा नगद राशि पहले ही बरामद की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों एवं साइबर ठगी के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि हिसार पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है और ऐसे संगठित गिरोहों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि शेयर मार्केट, ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम या अन्य माध्यमों से मिलने वाले आकर्षक मुनाफे के झांसे में न आएं। निवेश हमेशा केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का प्रयास हो या ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। @newstodayhry #newstodayhry




