Haryana
Trending

महिला से अभद्रता और पिस्तौल से धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर पुलिस के हत्थे चढ़ा II

महिला से अभद्रता और पिस्तौल से धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर पुलिस के हत्थे चढ़ा II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस चौकी पी.एल.ए. की टीम ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट तथा अवैध हथियार से जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण बरामदगी की है। इस संबंध में प्रभारी पुलिस चौकी पी.एल.ए. ASI अनुप ने बताया कि पटेल नगर, हिसार निवासी एक व्यक्ति द्वारा शिकायत दी गई थी कि देर रात उसकी ताई के साथ एक व्यक्ति गाली-गलौज कर रहा था। जब शिकायतकर्ता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने अपने बेटे तथा उसके एक साथी को मौके पर बुला लिया। शिकायत के अनुसार एक युवक ने पिस्तौल निकालकर शिकायतकर्ता को डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी दी। हाथापाई के दौरान पिस्तौल की मैगजीन नीचे गिर गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस चौकी पी.एल.ए. ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B), 54 एवं 59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। #newstodayhry @newstodayhry

जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन पुत्र संजीव कुमार निवासी पटेल नगर, हिसार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल की मैगजीन तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से घटना में प्रयुक्त हथियार, अन्य आरोपियों की संलिप्तता तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। #newstodayhry @newstodayhry

प्रभारी चौकी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के लगभग 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वह हिस्ट्रीशीटर है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि हिसार पुलिस किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं देगी। अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल बनाना, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करना, मारपीट करना अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा अवैध हथियार संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button