छात्र आंदोलन की बड़ी जीत! धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जश्न, बोले— अभी लड़ाई बाकी है II
छात्र आंदोलन की बड़ी जीत! धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जश्न, बोले— अभी लड़ाई बाकी है II

भिवानी-(अभिषेक ठाकुर):-देशभर में NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चले छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को आंदोलनकारी छात्र संगठनों ने अपनी बड़ी जीत बताया है। भिवानी में छात्र नेताओं और सामाजिक संगठनों ने प्रेसवार्ता कर इसे छात्रों के संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है और बाकी मांगों को लेकर लड़ाई जारी रहेगी। छात्र नेता लोकेश छात्र ने कहा कि देशभर के युवाओं और छात्रों के नेतृत्व में चले आंदोलन ने सरकार को जवाबदेह बनाया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का संदेश है कि जवाबदेही तय होगी तो कार्रवाई भी होगी। लोकेश ने मांग की कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वाले 20 से अधिक छात्रों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने, दर्ज FIR रद्द करने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग कर परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की मांग भी उठाई। सामाजिक संगठन के प्रधान कमल सिंह ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के इस्तीफे की लड़ाई नहीं थी, बल्कि भविष्य की पीढ़ी और शिक्षा व्यवस्था को बचाने का संघर्ष था। उन्होंने कहा कि अब संसद में ऐसा सख्त कानून बनाया जाए जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कड़ी रोक लग सके। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों की एकजुटता की जीत है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच हो, दोषियों को सख्त सजा मिले, NTA को भंग किया जाए तथा प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और अभद्रता के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। छात्र संगठनों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाएं और पेपर लीक पर स्थायी रोक लगने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को वे अपने आंदोलन की पहली बड़ी जीत मान रहे हैं। @newstodayhry #newstodayhry



