Haryana
Trending

एसीपी सिद्धांत जैन ने रिकॉर्ड प्रबंधन में लापरवाही पर दिखाई सख्ती ll

एसीपी सिद्धांत जैन ने रिकॉर्ड प्रबंधन में लापरवाही पर दिखाई सख्ती ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में जिले के सभी मोहर्रर थाना, मोहर्रर पुलिस चौकी, कंप्यूटर ऑपरेटर, मोहर्रर मालखाना, वीआरके, वीडीसी, प्रॉपर्टी डिस्पोजल प्रभारी तथा नेफिस (NAFIS) डाटा ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की तथा रिकॉर्ड प्रबंधन एवं कार्यालयीन कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक के दौरान एसपी सिद्धान्त जैन ने सभी शाखाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड की शुद्धता, समय पर प्रविष्टियां, मालखाना प्रबंधन, प्रॉपर्टी डिस्पोजल, डिजिटल रिकॉर्ड एवं फिंगरप्रिंट डाटा का सही संधारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी स्तर पर लापरवाही न केवल विभागीय कार्यों को प्रभावित करती है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।उन्होंने सभी मोहर्रर थाना एवं पुलिस चौकी को निर्देश दिए कि थाना रिकॉर्ड, रोजनामचा, अभियोग रजिस्टर तथा अन्य कार्यालयीन अभिलेखों को निर्धारित नियमों के अनुसार अद्यतन रखें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या लंबित कार्य को तत्काल पूरा करें।
मोहर्रर मालखाना एवं प्रॉपर्टी डिस्पोजल प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि जब्त माल एवं केस प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ संधारित किया जाए तथा न्यायालय के आदेशों एवं विभागीय नियमों के अनुसार लंबित प्रॉपर्टी का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कंप्यूटर ऑपरेटर, वीआरके, वीडीसी एवं नेफिस (NAFIS) डाटा ऑपरेटरों को भी निर्देश दिए गए कि सभी डिजिटल रिकॉर्ड समय पर अपडेट किए जाएं, डाटा एंट्री में शत-प्रतिशत शुद्धता रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि की कोई गुंजाइश न छोड़ी जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि NAFIS में फिंगरप्रिंट एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं की एंट्री निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाए, ताकि अपराधियों की पहचान एवं अनुसंधान कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभागीय कार्यों में अनुशासन, जवाबदेही एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्व का गंभीरता से निर्वहन करे। रिकॉर्ड संधारण, मालखाना प्रबंधन अथवा डिजिटल कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिस व्यवस्था में तकनीकी दक्षता, व्यवस्थित रिकॉर्ड प्रबंधन एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। हिसार पुलिस जनता को बेहतर, त्वरित एवं पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बना रही है। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button