Haryana
Trending

कारगिल विजय दिवस पर एबीवीपी की भव्य तिरंगा यात्रा, वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि ll

कारगिल विजय दिवस पर एबीवीपी की भव्य तिरंगा यात्रा, वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सिरसा द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय के पुस्तकालय (लाइब्रेरी)से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक तक निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और वीर शहीद अमर रहें जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
एबीवीपी के जिला प्रमुख संदीप देशप्रेमी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को कारगिल युद्ध के इतिहास, उसके महत्व तथा शहीदों के सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
जिला संयोजक मोहित बिश्नोई ने कहा कि कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, साहस और समर्पण के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। परिषद निरंतर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का कार्य करती रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वीर शहीदों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बलिदान को नमन किया। उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष डॉ. कपिल कुमार, नगर उपाध्यक्ष निशांत शर्मा, नगर मंत्री कुमारी तनु, सह मंत्री विमर्श जैन, सहित अनेक कार्यकर्ता व विद्यार्थी मौजूद रहे। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button