घर में सेंध लगाकर लैपटॉप चुराने वाले दो शातिर दबोचे, चोरीशुदा लैपटॉप बरामद ll
घर में सेंध लगाकर लैपटॉप चुराने वाले दो शातिर दबोचे, चोरीशुदा लैपटॉप बरामद ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-शहर के सी ब्लॉक इलाके में बंद पड़े मकान से लैपटॉप चोरी करने की वारदात का शहर थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा लैपटॉप भी बरामद कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार सी ब्लॉक निवासी सोमनाथ पुत्र शिशपाल ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 23 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। शाम को घर लौटने पर मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से एक लैपटॉप गायब मिला। शिकायत के आधार पर शहर थाना सिरसा में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए संजय कॉलोनी निवासी विशाल उर्फ बाला पुत्र दलीप और भारत उर्फ विकास पुत्र लालचंद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। @newstodayhry #newstodayhry




