हिसार पुलिस की पहल, सरस्वती कॉलेज के आसपास CCTV लगाने के निर्देश ll
हिसार पुलिस की पहल, सरस्वती कॉलेज के आसपास CCTV लगाने के निर्देश ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशन में जिले में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगाली पुलिस चौकी की टीम ने सरस्वती कॉलेज, तोशाम रोड, हिसार का दौरा कर कॉलेज प्रबंधन के साथ बैठक की और परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि सरस्वती कॉलेज के सामने एवं आसपास के क्षेत्र में विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, छात्राओं से छेड़छाड़, मोटरसाइकिल चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।इसी उद्देश्य से मंगाली पुलिस चौकी प्रभारी ने कॉलेज प्रबंधन के साथ व्यक्तिगत रूप से बैठक कर परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल तथा आसपास के संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया। पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कैमरों की उपयुक्त लोकेशन भी चिन्हित की, ताकि परिसर और उसके आसपास होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हिसार पुलिस की प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक का उपयोग अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधों को रोकने में सहायक होते हैं, बल्कि किसी भी घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य भी उपलब्ध कराते हैं।
उन्होंने जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के संचालकों से अपील की कि वे अपने परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं तथा समय-समय पर उनकी जांच भी करते रहें। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस शिक्षा संस्थानों में सुरक्षित, भयमुक्त एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। @newstodayhry #newstodayhry




