Haryana
Trending

गांव-गांव पहुंच रही नशा मुक्ति टीम, उपचार, जागरूकता और पुनर्वास पर विशेष फोकस : एसपी सिद्धान्त जैन।।

गांव-गांव पहुंच रही नशा मुक्ति टीम, उपचार, जागरूकता और पुनर्वास पर विशेष फोकस : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हिसार पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “नशा मुक्त हिसार अभियान” लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तहत नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा गांवों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है, वहीं नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज थाना सदर हिसार क्षेत्र के गांव रायपुर एवं गांव ढाणी रायपुर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नशा मुक्ति पुलिस टीम ने गांव के सरपंच, गणमान्य व्यक्तियों, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से संवाद कर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। ग्रामीणों को बताया गया कि नशा व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है तथा इससे शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान होता है। इसके अतिरिक्त कैमरी रोड स्थित सेवा सदन नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री महावीर बिश्नोई तथा नशा मुक्ति पुलिस टीम ने केंद्र में भर्ती लगभग 35 नशा पीड़ितों एवं स्टाफ सदस्यों को नशा छोड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने नशा पीड़ितों से व्यक्तिगत बातचीत कर उन्हें उपचार पूरा करने, परिवार के साथ पुनः सामान्य जीवन जीने तथा भविष्य में नशे से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी को केंद्र का संचालन निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अभियान के दौरान जिला हिसार में 04 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से 01 नशा पीड़ित को नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध करवाया गया, जबकि 03 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा 06 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवाई दिलवाई गई। इस प्रकार कुल 10 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक उपचार, आवश्यक ब्लड टेस्ट तथा विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग उपलब्ध करवाई गई। नशा मुक्ति पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों से प्रेरित होकर एक नशा पीड़ित ने स्वेच्छा से सरकारी अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होकर उपचार शुरू किया, जो अभियान की सकारात्मक सफलता का प्रतीक है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस केवल नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का भी निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है तो उसे उपचार के लिए प्रेरित करें तथा नशा तस्करों की सूचना बिना किसी भय के पुलिस को दें। समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त एवं सुरक्षित हिसार का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।। #Newstodayhry @Newstodayrhy

Related Articles

Back to top button