480 नशीले कैप्सूल मामले में बड़ी सफलता, मुख्य सप्लायर राजस्थान से गिरफ्तार कर भेजा जेल
480 नशीले कैप्सूल मामले में बड़ी सफलता, मुख्य सप्लायर राजस्थान से गिरफ्तार कर भेजा जेल ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी मंगाली पुलिस ने 480 नशीले कैप्सूल बरामदगी मामले में मुख्य सप्लायर को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है।
प्रभारी चौंकी मंगाली ASI विनोद कुमार ने बताया कि चौकी मंगाली क्षेत्र में 480 नशीले कैप्सूल बरामद होने के मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद नशीले कैप्सूल शंकर लाल पुत्र कृष्ण राम निवासी मकान नं. 104, सूरजमल, सीकर (राजस्थान) द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे।
इस महत्वपूर्ण खुलासे के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर शंकर लाल को सीकर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद नशीले कैप्सूल उसी के द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। आरोपी ने यह भी बताया कि वह सीकर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य करता है। पुलिस अब उसके माध्यम से नशीले कैप्सूलों की खरीद, आपूर्ति तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री संबंधी कोई सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। हिसार पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। @newstodayhry #newstodayhry




