ओढ़ां में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, माखन-मिश्री के प्रसाद संग गूंजे जयकारे ll
ओढ़ां में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, माखन-मिश्री के प्रसाद संग गूंजे जयकारे ll

ओढ़ां -(अशोक गर्ग) :- प्राचीन दुर्गा मंदिर ओढ़ा में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कथा के चौथे दिन आज सुबह मुख्य यजमान पवन गर्ग व उनकी पत्नी संतोष देवी ने मुख्य रूप से पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी देव शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न करवाई और यजमान परिवार को आशीर्वाद दिया। इसके बाद कथा के दौरान पूरा पंडाल ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर जमकर झूमे और माखन-मिश्री का प्रसाद बांटा गया। कथा के चौथे दिन व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को निहाल करते हुए प्रसिद्ध कथावाचिका देवी रीना ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अत्याचार, पाप और अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेते हैं। मथुरा के राजा कंस के अत्याचार जब चरम पर पहुंच गए और उसने अपनी ही बहन देवकी व जीजा वासुदेव को जेल में डालकर प्रताड़ित करना शुरू किया, तब सृष्टि के पालनहार ने देवकी की आठवीं संतान के रूप में जन्म लिया। जेल के ताले टूटे, यमुना ने छुए चरण कथावाचिका ने भावपूर्ण शब्दों में बताया कि भाद्रपद मास की अंधेरी रात में जैसे ही वासुदेव-देवकी के सामने भगवान चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए, वैसे ही कंस के कारागार के सभी ताले अपने आप टूट गए और पहरेदार गहरी नींद में सो गए। प्रभु की लीला से वासुदेव जी नवजात शिशु को टोकरी में रखकर उफनती यमुना नदी को पार करने निकले। यमुना नदी ने भी भगवान के चरण छूकर अपना रास्ता दे दिया। जिसके बाद वासुदेव जी ने बालकृष्ण को गोकुल में नंद बाबा और माता यशोदा के घर सुरक्षित पहुंचा दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की सजीव झांकी सजाई गई। वासुदेव के रूप में श्रीकृष्ण को टोकरी व झूले में उठाकर लाने के दृश्य ने पंडाल में मौजूद हर श्रद्धालु को भावविभोर कर दिया और बधाईयां गाकर खूब नृत्य किया। फिर सभी ने श्रीकृष्ण को तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया।अंत में मुख्य यजमान व मंदिर कमेटी द्वारा भगवान की आरती उतारी गई और ,माखन मिस्री का प्रसाद बांटा गया। इस अवसर पर दुर्गा मंदिर कमेटी के प्रधान रामपाल सिंगला, विजयपाल शर्मा, पवन गर्ग, मदन लाल, मुरारी लाल शर्मा, शंकर लाल चक्का, सतीश गर्ग, रामलाल सिंगला, शामलाल गोयल, सुखजीवन सिंगला, मंजू बांसल, निर्मला, ज्योति, माया, कृष्णा, दर्शना, सरोज, कमलेश, किरण खुराना, संतोष, राजबाला, रजनी, आशा, सुषमा, पूजा सहित भारी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। @newstodayhry #newstodayhry




